Wednesday, July 23, 2008
डेरा प्रेमियों व सिखों में पत्थरबाजी, पुलिस लाठीचार्ज,कई प्रेमी घायल ,गिरफ्तार
फतेहाबाद 23 जुलाई- बंद को लेकर जो आशंका थी, वह हो ही गया। पिछले 2 वर्षों से खिंचा आ रहा डेरा प्रेमियों व सिखों में तनाव सरेआम हो गया। दोनों पक्षों में आज डीएसपी रोड़ पर जमकर पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने भी शरारती तत्वों की जमकर ठुकाई की। पुलिस लाठीचार्ज में कई डेरा प्रेमी घायल हो गए। शहर में माहौल तनावपूर्ण रहा और बाजार बंद रहे। झड़पों और पुलिस लाठीचार्ज में आधा दर्जन से ज्यादा डेरा प्रेमी घायल हो गए। पुलिस ने दर्जन भर डेरा प्रेमियों को हिरासत में लिया है। डेरा प्रेमी घटना को लेकर संगत घर में बैठक कर रहे हैं।
आज सुबह हरियाणा बंद को लेकर सिख संगत गुरूद्वारे में इकट्ठी हुई और फिर शहर में प्रदर्शन करते हुए दुकानों को बंद करवाया। थाना रोड़ पर कुछ दुकानदारों ने दुकानें बंद करने से मना किया मगर सिख प्रदर्शनकारियों के दबाव में छुटपुट झड़पों के बाद दुकानें बंद हो गई। सिख प्रदर्शनकारियों ने रैस्ट हाउस में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंप कर प्रदर्शनकारी डीएसपी रोड़ पर दुकानें बंद करवाने आ गए। डीएसपी रोड़ पर भारत डेयरी फार्म पर डेरा प्रेमी इकट्ठे हुए बैठे थे ओर उन्होंने स्पष्ट ऐलान कर रखा था कि वह दुकान बंद नहीं करेंगे। जैसे ही प्रदर्शनकारी विनोद उर्फ बिट्टू और राधेश्याम की दुकान भारत डेयरी फार्म पर पहंचे तो डेरा प्रेमी तैयार हो गए। सिख संगत ने दुकान बंद करवाने का आग्रह किया मगर प्रेमियों द्वारा दुकान बंद करने से मना करने पर दोनों पक्ष हिसंक हो गए। ड्यूटी मैजिस्ट्रेट ज्ञानप्रकाश व पुलिस ने टकराव टालने के लिए कई बार दुकान का शट्टर जबरदस्ती बंद करवाया मगर हर बार प्रेमी शट्टर खोल देते। देखते ही देखते तनाव बढ़ता ही गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। एक पत्थर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट ज्ञानप्रकाश के हाथ पर भी आ लगा। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने दोनों पक्षों पर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज देखकर सिख प्रदर्शनकारी तो चले गए मगर पे्रमी अड़े रहे। पुलिस ने हिंसक प्रेमियों को जमकर पीटा। पुलिस लाठीचार्ज से डेरा प्रेमी विजय, संदीप, सुरेश, विनोद, जगरूप व अनिल घायल हो गए। जिनमें से सुरेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार रैफर कर दिया गया है। प्रेमियों पर लाठीचार्ज की खबर डेरे में पहुंची तो वहां से कैंटरों पर सवार होकर डेरा प्रेमी डीएसपी पर आ गए। पुलिस ने उन्हें भी कैंटरों से उतार कर पीटा। पुलिस ने डेरा प्रेमियों के कैंटर के शीशे तोड़ दिए। पुलिस कप्तान सौरभ सिंह भी डंडा लेकर मैदान में कूद गए। पुलिस लाठीचार्ज से खफा डेरा प्रेमियों ने शहर थाने के सामने प्रदर्शन करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें वहां भी नहीं बख्शा। पुलिस ने करीब 16 डेरा प्रेमियों लक्ष्मण दास अरोड़ा, विजय शर्मा खजूरी जाटी, संदीप कुमार, एमपी रोही के विनोद व अनिल, सुरेश कुमार, जगरूप ढाणी छतरिया, नितिन कुमार पुत्र इकबाल कम्बोज, विनोद कुमार पुत्र देसराज निवासी बरसीन तथा रामलाल पुत्र पालाराम निवासी हिजरावां कलां सहित कई प्रेमियों को हिरासत में ले लिया है। शहर पुलिस ने ड्यूटी मैजिस्ट्रेट ज्ञानप्रकाश की शिकायत पर डेरा प्रेमियों व सिखों के विरूद्ध धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में भादंसं की धारा 188 के तहत मामला दर्जर् कर लिया है। तनाव कों ठंडा करने के लिए उपायुक्त ओ.पी. श्योराण शहर थाने में पहुंचे। उन्होंंने डेरा प्रेमियों के नेता ओमप्रकाश सोनी, हेमन्त चुघ व नरसी दास गोयल को बुलाकर बातचीत की ओर उन्हें शातिं रखने की अपील की। इस अवसर पर मौजूद व्यापार मंडल प्रधान टेकचंद मिढा, सतपाल मानकटाला, डा. आत्मप्रकाश, ओमप्रकश सरदाना व सुभाष ललित ने भी डेरा प्रेमियों से शातिं बनाए रखने की बात कही। डेरा प्रेमियों ने कहा कि पुलिस ने उनके कुछ लोगों को नाजायज तौर पर पकड़ लिया है। उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि वह बेकसूरों पर कार्रवाई नहीं होने देंगे। उन्होंने डेरा प्रेमियों को कानून हाथ में न लने की चेतावनी दी है। डीएसपी रोड़ पर हुई घटना से शहर में खासी अफवाहें व तनाव फैला। जिससे बाजार बंद हो गए। एसडीएम जयकिशन आभीर ने पुलिस बल को साथ लेकर सड़कों पर घूम रहे तमाशबीनों को खदेड़ दिया। शहर में स्थिति तनावपूर्ण मगर नियंत्रण में बनी हुई है। शहर में व्यापक पुलिस बल की तैनाती की गई है। डेरा प्रेमियों में बैठकों का दौर जारी है।
Tuesday, July 22, 2008
सिटी मैजिस्ट्रेट, फतेहाबाद को सिरसा का भी कार्यभार
चण्डीगढ़, 22 जुलाई : हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से तीन भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियो और एक हरियाणा सिविल सेवा के अधिकारी के स्थानान्तरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। श्री सरबन सिंह, आयुक्त एवं सचिव, खेल एवं युवा मामले विभाग, सरकारी सम्पत्ति के उचित उपयोग/ निपटान प्रकोष्ठ के सचिव तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के परिवीक्षण के नोडल अधिकारी को उनके वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त सार्वजनिक उद्यम ब्यूरो के सदस्य सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। श्रीमती सुमिता मिश्रा, निदेशक, नवीकरणीय ऊर्जा स्त्रोत को उनके वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव का कार्यभार भी दिया है। इसी प्रकार, श्री अंकुर गुप्ता, प्रबन्ध निदेशक, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम को अपने वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त बिजली विभाग के विशेष सचिव और बिजली विभाग के निदेशक का कार्यभार सौंपा गया है। हरियाणा सिविल सेवा के अधिकारी श्री एस के जैन, सिटी मैजिस्ट्रेट, फतेहाबाद को उनके वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त सिटी मैजिस्ट्रेट, सिरसा का भी कार्यभार सौंपा गया है।
बंद को लेकर तनाव
फतेहाबाद 22जुलाई/सुरेश भट्टी- सिख समाज द्वारा कल आयोजित किए जा रहे हरियाणा-पंजाब बंद को लेकर आज प्रशासन, सिख समाज शातिं कमेटी व शिक्षण संस्थान की गतिविधियां जारी रही। जहां सिख समाज ने बाबा इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में गुरूद्वारा सिंह सभा में बैठक कर शातिंपूर्ण बंद करवाने की घोषणा की, वहीं बंद को लेकर प्रशासन का रुख कड़ा नजर आया। हिसार मंडल के आयुक्त पी.सी. बिढान व पुलिस महानिरीक्षक ए.के. ढुल ने अधिकारियों की बैठक लेने उपरांत दो टूक कहा कि किसी को भी जबरदस्ती बंद नहीं करवाने दिया जाएगा। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि यदि कोई कानून को हाथ मे लेगा तो उसे मौके पर ही गिरफ्तार किया जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आज शाम को पीस कमेटी की बैठक हो रही है तथा निजी शिक्षण संस्थाआं ने कल स्कूल बंद रखनेकी घोषणा की है। आज गुरूद्वारा सिंहसभा में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सुखविन्द्र सिंह खालसा ने कहाकि कल सिख समाज से जुड़े सभी संस्थान सुबह 7 से शाम 7 बजे तक बंद रहेंगे तथा बाकी दुकानदारों से वे हाथ जोड़ कर बंद करवाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के लिए प्रशासन से मंजूरी ली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कल डेरा प्रेमियों ने बिना मंजूरी के जुलूस निकाल कर धारा 144 का उल्लंधन किया। सुखविन्द्र सिंह खालसा डेरा मुखी के खिलाफ जमकर बोले। उन्होंने कहा कि डेरा मुखी सभी धर्मों का दुश्मन है तथा वह स्वयं को सभी गुरूओं से ऊंचा मानता है। डेरा मुखी आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। डेरा मुखी पर बलात्कार व हत्या के आरोप हैं मगर सरकार उन्हें सजा देने की बजाए उनकी मदद कर रही है। डेरा मुखी को सरेआम फांसी देनी चाहिए। यदि समय रहते डेरा मुखी पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले समय में देश को काफी नुकसान पहुंचेंगा। इस बैठक को अकाली दल अमृतसर के जनरल सचिव परमजीत सिंह अहरवां, सुखविन्द्र सिंह खालसा, गुरुनानक अकेडमी के डायरेक्टर स. स्वर्ण सिंह, महेन्द्र सिंह वधवा, बाबा बलदेव सिंह, गुरजीत नखाटिया, गुरचरण सिंह, हरविन्द्र सिंह, अवतार सिंह, सुरजीत सिंह, हरदलजीत सिंह, गोल्डी, कुलबीर मोंगा, जोगा सिंह, गुरदीप सिंह, गुरमुख सिंह, बलजीत सिंह, दर्शन सिंह, दलजीत सिंह, प्रेम सिंह, बलबीर सिंह, देवेन्द्र, हरमीत सिंह, सुखचैन सिंह ने भी संबोधित किया। आयुक्त श्री बिढान ने बताया कि प्रस्तावित बंद को देखते हुए जिले को 11 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन के लिए एक प्रशासनिक अधिकारी को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट लगाया गया है। पटवारियों को गांव में भेज कर शातिं बनाए रखने की अपील की गई है। उपायुक्त ओपी श्योराण ने बताया कि आज शाम को सभी खंड स्तर पर शातिं कमेटियों की बैठकें आयोजित की गई हैं। शातिं कमेटी शाम को शहर के बाजारों में जाकर लोगों से शातिंबनाए रखेन की अपील करेगी। पुलिस कप्तान सौरभ सिंह ने बताया कि शातिं बनाए रखेन के लिए आज शाम को फ्लैग मार्च किया जाएगा तथा एचपीए की दो कंपनियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यदि कोई शरारत करता है तो उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना अध्यक्षों की बैठक लेकर उन्हें सभी होटलों, धर्मशालाओं व वाहनों की जांच करने के आदेश दिए। तथा सदिंग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेने के आदेश दिए हैं। दूसरी ओर शहर के कई जागरूक नागरिकों, जिनमें का. कृष्ण स्वरूप, ओपी मैहता, गुलबहार सिंह एडवोकेट, सूबे सिंह एडवोकेट, देवीलाल एडवोकेट, जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश बागड़ी, का. रामकुमार बहबलपुरिया, बंसराज बजाज, राजेश महिया, रामसिंह एडवोकेट, बार के पूर्व प्रधान सूबा सिंह एडवोेकेट, टोहाना से चांदीराम एडवोकेट ने कल शाम बैठक कर आज उपायुक्त से मुलाकात की। उक्त लोगों ने उपायुक्त से आग्रह किया कि वे आज शाम को पीस कमेटी की बैठक बुलाएं और डेरा व सिख समाज को उकसाने वाले कार्रवाईयां करने से रोकें। बैठक में शातिं समिति के विस्तार का भी निर्णय लिया गया। इलाके में तनाव को देखते हुए निजी शिक्षण संस्थानों ने कल स्कूल बंद करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी हुसा के प्रधान भारत भूषण मिढा ने दी।